कड़ी सुरक्षा के बीच सफीपुर में अलविदा जुमे की नमाज अदा, अमन-चैन के लिए मांगी गई दुआ

0
11

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

उन्नाव रमजान माह के आखिरी जुमे यानी अलविदा जुमे की नमाज सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। क्षेत्र की मस्जिदों में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने नमाज अदा कर देश और समाज में अमन-चैन, तरक्की और भाईचारे की दुआ मांगी।

अलविदा जुमे को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से ही सतर्क नजर आया। नमाज के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रमुख मस्जिदों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की पैनी नजर रही।

सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए प्रशिक्षु आईपीएस संचित शर्मा स्वयं क्षेत्र में पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। वहीं क्षेत्राधिकारी सोनम सिंह ने भी पुलिस बल के साथ विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

कोतवाली प्रभारी सुब्रत नारायण त्रिपाठी भी पूरे समय क्षेत्र में भ्रमणशील रहे और पुलिस बल को लगातार दिशा-निर्देश देते रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई, जिससे कहीं भी कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो सके।

पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी और लोगों के आपसी सहयोग के चलते पूरे क्षेत्र में अलविदा जुमे की नमाज शांति, सौहार्द और भाईचारे के माहौल में सकुशल संपन्न हुई।