उन्नाव में मंडल स्तरीय खेल चयन ट्रायल मार्च में होंगे आयोजित

0
8

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

12 से 15 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए विभिन्न खेलों में होगा चयन, जिला स्तर के बाद मंडल स्तर पर होगा ट्रायल

उन्नाव खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद उन्नाव में 12 वर्ष से कम एवं 15 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए विभिन्न खेलों में चयन ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। यह चयन वर्ष 2026-27 के लिए आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश हेतु किया जा रहा है।

जिला खेल कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार जिला स्तर पर चयन ट्रायल मार्च माह में आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद चयनित खिलाड़ियों को मंडल स्तर पर ट्रायल में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

जिला स्तरीय ट्रायल पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्पोर्ट्स स्टेडियम उन्नाव में आयोजित होंगे। इन ट्रायल में जिम्नास्टिक, तैराकी, कुश्ती, हॉकी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, क्रिकेट, कबड्डी, बास्केटबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो और हैंडबॉल जैसे खेलों में प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।

जिला स्तर पर सफल होने वाले खिलाड़ियों का मंडल स्तरीय चयन ट्रायल लखनऊ में आयोजित होगा। इसके लिए केडी सिंह बाबू स्टेडियम और चौक स्टेडियम में अलग-अलग खेलों के अनुसार ट्रायल कराए जाएंगे।

खेल विभाग के अनुसार चयन प्रक्रिया में भाग लेने के इच्छुक बालक-बालिकाओं को अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना होगा। आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को खेल साथी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य रहेगा।

जिला क्रीड़ा अधिकारी ने जनपद के खिलाड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर पहुंचकर ट्रायल में भाग लें और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। इस संबंध में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।