भाजपा का दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026’ संपन्न, कार्यकर्ताओं को संगठन व तकनीक के उपयोग का दिया गया प्रशिक्षण

0
85

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026’ का समापन जिले के विभिन्न मंडलों में आयोजित प्रशिक्षण शिविरों के साथ संपन्न हो गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, सरकार की उपलब्धियों और संगठन को मजबूत बनाने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण शिविरों में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग के बारे में भी मार्गदर्शन दिया। इसके साथ ही नमो ऐप, सरल ऐप और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग के माध्यम से संगठनात्मक कार्यों को अधिक सशक्त बनाने की जानकारी भी साझा की गई।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष आनन्द अवस्थी ने ‘वैचारिक अधिष्ठान’ विषय पर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और मूल सिद्धांतों से अवगत कराया।

वहीं निवर्तमान जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार ने संगठन की कार्यपद्धति पर सत्र लेते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

प्रशिक्षण के दौरान बूथ प्रबंधन, ‘मन की बात–टिफिन बैठक’ जैसे कार्यक्रमों के संचालन को लेकर भी कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए। इसके अलावा भाजपा के इतिहास, विकास यात्रा और संगठन विस्तार से जुड़े विषयों पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए।

वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने ‘सक्षम कार्यकर्ता, सशक्त संगठन से राष्ट्र निर्माण’ के संकल्प को दोहराया।