उन्नाव के निराला प्रेक्षागृह में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मान समारोह, 24 महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए किया गया सम्मानित

0
50

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला कल्याण विभाग की ओर से शहर स्थित निराला प्रेक्षागृह में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 24 महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, विधायक पंकज गुप्ता सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सिकंदरपुर सरोसी की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

समारोह में स्क्वाड्रन लीडर मधु मिश्रा, एसडीएम प्रज्ञा पांडे व सामाजिक कार्यकर्ता मृदुला अस्थाना को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही खेलो इंडिया फुटबॉल खिलाड़ी उन्नति विश्वकर्मा तथा एथलेटिक्स खिलाड़ी प्रशिष्टि को भी सम्मान प्रदान किया गया।

शिक्षा क्षेत्र में कार्यरत कई शिक्षिकाओं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को भी शाल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन नीलिमा अवस्थी तथा ट्रांसजेंडर बोर्ड की अध्यक्ष लकी किन्नर को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पंकज गुप्ता ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया।

समारोह में 450 से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के साथ बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।