उमा शंकर दीक्षित जिला अस्पताल में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दिखी सेवा भावना

0
120

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे,उन्नाव

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्नाव के उमा शंकर दीक्षित जिला अस्पताल में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन पचास से अधिक रक्तदाता संस्था द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा भानू ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है, इससे कई जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने समाज के लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील भी की।

संस्था के अध्यक्ष चेतन मिश्रा के आह्वान पर सैकड़ों लोगों ने शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया। शिविर में युवाओं के साथ-साथ महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम और अधिक प्रेरणादायक बन गया।

कार्यक्रम के दौरान रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को मंच से ‘प्रेरणा सम्मान’ देकर सम्मानित किया गया। साथ ही संस्था से जुड़ी महिलाओं को समाजसेवा में उनके योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इससे पहले भी रक्तदान कर चुके रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।

शिविर में ब्लड बैंक की टीम को भी उनकी सेवा भावना और सहयोग के लिए विशेष सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

अतिथियों ने कहा कि यदि समाज के लोग नियमित रूप से रक्तदान करें तो आपात स्थिति में किसी भी जरूरतमंद को खून की कमी के कारण परेशानी नहीं होगी। रक्तदान जैसे पुनीत कार्य से समाज में मानवता और सेवा की भावना मजबूत होती है।