भाजपा कार्यालय में अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर गोष्ठी का आयोजन

0
122

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

उन्नाव। पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय, उन्नाव में त्रिशताब्दी स्मृति जिला गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी श्री संतोष सिंह ने लोकमाता अहिल्याबाई के जीवन और कार्यों को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन शौर्य, सेवा, समर्पण, संयम और सादगी का अनुपम उदाहरण है।

श्री सिंह ने कहा कि अहिल्याबाई ने समाज के वंचित वर्गों, विधवाओं, किसानों और जनजातीय समुदायों के लिए आदर्श शासन दिया। उन्होंने देशभर में करीब दो हजार मंदिरों, धर्मशालाओं और बावड़ियों का निर्माण कर सनातन संस्कृति के संरक्षण में अहम योगदान दिया। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतनी महान विभूति को इतिहास में उचित स्थान नहीं दिया गया।

गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने बताया कि प्रदेश सरकार लोकमाता अहिल्याबाई से प्रेरणा लेकर महिलाओं और श्रमिकों के हित में कार्य कर रही है। राज्य सरकार द्वारा सात जनपदों में श्रमजीवी महिला हॉस्टल का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे शहरों में कार्यरत स्वावलंबी महिलाओं को सुरक्षित आवास की सुविधा मिल सकेगी।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री प्रवीण सिंह नूतन ने किया। इससे पूर्व दीनदयाल स्टेडियम के पास कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथि श्री सिंह का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ गोष्ठी का समापन हुआ।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुन सिंह, विधायक बृजेश रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभान शंकर दीक्षित, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष साधना दीक्षित, जिला मीडिया प्रभारी समीर शुक्ला, नगर अध्यक्ष अवनीश गुप्ता, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बाला राव गुप्ता समेत कई गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।