लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से राजमिस्त्री की मौत, कार चालक गंभीर घायल

0
10

सचिन कुमार
ब्यूरो-सिद्धि टुडे,उन्नाव

लखनऊ से काम खत्म कर घर लौट रहे 35 वर्षीय संजय रावत की रास्ते में गई जान, पांच मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया; परिवार में मचा कोहराम

उन्नाव। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में अचलगंज थाना क्षेत्र के आटा गांव निवासी 35 वर्षीय राजमिस्त्री संजय रावत की मौत हो गई। घर लौटते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ। दुर्घटना में कार चालक आकाश सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

100 रुपये किराये पर कार में बैठे थे संजय

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अचलगंज क्षेत्र के आटा गांव निवासी संजय रावत (35) राजमिस्त्री का काम करते थे। इन दिनों वह लखनऊ में एक मकान के निर्माण कार्य में लगे हुए थे। रोजाना की तरह बुधवार को भी वह काम पर गए थे। देर शाम काम समाप्त होने के बाद वह अपने घर लौटने के लिए निकले।

इसी दौरान कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे से गुजर रही एक कार के चालक ने उन्हें घर तक छोड़ने के लिए 100 रुपये किराया देने की बात कही। संजय ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया और कार में बैठ गए। बताया जाता है कि गांव के बाहर एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर पहुंचने के बाद कार चालक ने उन्हें उतार दिया और किराया लेने के लिए खुद भी नीचे उतर गया।

अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर, मौके पर मौत

इसी बीच पीछे की ओर से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने संजय रावत को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में संजय गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की चपेट में आने से कार चालक आकाश सिंह भी घायल हो गया।

घायल कार चालक की पहचान कानपुर के नौबस्ता स्थित गल्ला मंडी निवासी आकाश सिंह के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर कानपुर के एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

संजय रावत की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए मजदूरी कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी संजू और मां नीलम हैं। संजय पांच बच्चों के पिता थे, जिनमें चार बेटियां नैना, सुनीना, सुनाली और शिवांशी तथा एक बेटा शिवांश शामिल हैं।

परिवार के लिए संजय ही आजीविका का मुख्य सहारा थे। उनकी अचानक मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस पिता के सहारे पांचों बच्चे अपना भविष्य देख रहे थे, उसके यूं चले जाने से परिवार के सामने अब जीवन-यापन का भी संकट खड़ा हो गया है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, अज्ञात वाहन की तलाश जारी

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए संजय रावत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, हादसे में टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। दुर्घटना के कारणों और वाहन की पहचान के लिए जांच की जा रही है।

एक हादसे ने उजाड़ दिया पूरा परिवार

लखनऊ में मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालने वाले संजय रावत को शायद अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि घर लौटने का उनका यह सफर आखिरी साबित होगा। उनकी मौत ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। अब पत्नी और पांच बच्चों के सामने भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। क्षेत्र के लोगों ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है।