अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव
जनपद उन्नाव में पुलिस की कार्यशैली को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विधवा महिला ने पुलिस कर्मियों पर मारपीट, अभद्रता और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता विमला, पत्नी स्वर्गीय प्रेमशंकर, ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
महिला के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 की रात करीब 3:12 बजे उसका पुत्र घर के बाहर साइकिल पर गैस सिलेंडर रख रहा था। इसी दौरान जामुन चौराहा चौकी से आए दो पुलिसकर्मी—तरुण यादव और प्रशांत मिश्रा—वहां पहुंचे और बिना किसी ठोस कारण के उसके पुत्र पर सिलेंडर चोरी का आरोप लगाने लगे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके पुत्र की पिटाई कर दी।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने अपने बेटे को बचाने का प्रयास किया तो पुलिसकर्मियों ने उसके साथ भी अभद्रता की और मारपीट की। इतना ही नहीं, पुलिसकर्मियों ने धमकी दी कि यदि कहीं शिकायत की गई तो झूठे मुकदमे में फंसा कर जेल भेज दिया जाएगा और साइकिल को भी चोरी में दिखाकर जब्त कर लिया जाएगा।
महिला का यह भी आरोप है कि घटना के बाद पुलिसकर्मी दोबारा घर पहुंचे और उसे व उसके पुत्र को डराया-धमकाया।
इस घटना से पीड़िता बेहद डरी और परेशान है।
पीड़िता ने एसपी उन्नाव से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।































