सिद्धि टुडे –लखनऊ
लखनऊ। Yogi Adityanath ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में प्रस्तावित होमगार्ड भर्ती परीक्षा, स्मार्ट मीटर, पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता तथा कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने 25, 26 एवं 27 अप्रैल को प्रस्तावित होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों, जनसुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। यदि कहीं किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रदेश के 74 जनपदों में कुल 41,424 होमगार्ड पदों के लिए भर्ती परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए शीतल पेयजल, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता की स्थिति पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति एवं वितरण पूरी तरह सामान्य है। साथ ही नेपाल सीमा से सटे जनपदों में कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त स्मार्ट मीटर से जुड़ी उपभोक्ताओं की आशंकाओं पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस विषय में गठित विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त होने की संभावना है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जिलों में फीडर-वार विशेष शिविर आयोजित कर उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए तथा स्मार्ट मीटर को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए।






























