अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव
कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व एवं कर वसूली को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (एडीएम) सुशील कुमार गोंड ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में एडीएम ने पाया कि कई विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं कर पा रहे हैं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले हर हाल में 100 प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही एडीएम ने पांच वर्षों से लंबित राजस्व वादों को गंभीरता से लेते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने मामलों को लंबित रखना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है, इसलिए इन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
बैठक में बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। एडीएम ने स्पष्ट कहा कि ऐसे मामलों की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
आपदा से जुड़े मामलों पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आपदा विशेषज्ञों से समन्वय बनाकर मामलों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा चकबंदी कार्यों की भी समीक्षा की गई, जिसमें प्रगति तेज करने और लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर बल दिया गया।
बैठक में राजस्व, कर एवं अन्य संबंधित विभागों के कई अधिकारी उपस्थित रहे।






























