सिलेंडर उपलब्ध होने के दावे के बीच एजेंसी पर उमड़ी भीड़, प्रशासनिक आदेशों पर उठे सवाल

0
79

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

उन्नाव शहर में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। सरकार की ओर से यह दावा किया जा रहा है कि गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद सोमवार को तकी नगर स्थित इंडियन गैस एजेंसी के बाहर गैस रिफिलिंग के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं।

कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने हफ्तों पहले ऑनलाइन सिलेंडर बुक कराया था और भुगतान भी कर दिया, लेकिन अब तक सिलेंडर उनके घर तक नहीं पहुंचा। मजबूरन लोगों को एजेंसी के बाहर लाइन लगाकर इंतजार करना पड़ रहा है।

इधर, इस समस्या को लेकर हाल ही में जिलाधिकारी द्वारा बैठक कर गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन एजेंसी के बाहर लगी भीड़ और उपभोक्ताओं की परेशानी को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इन आदेशों का पालन जमीन पर नहीं हो रहा है।

ऐसे में यह एक जांच का विषय बनता जा रहा है कि जब सरकार और प्रशासन की ओर से पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध होने की बात कही जा रही है, तो फिर एजेंसी के बाहर इतनी भीड़ क्यों लग रही है। क्या वास्तव में सिलेंडर की कमी है या फिर उपभोक्ताओं को केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है।