उन्नाव: तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, दो किशोर गंभीर घायल

0
15

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

उन्नाव जिले के सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार घटना परियर चौकी क्षेत्र के पावा चौराहे के पास हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार 18 वर्षीय महेश निवासी अतहा गांव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार मोहित (13) और विकास (14) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं युवक की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जा रहा है कि मृतक महेश के माता-पिता हरियाणा में मजदूरी करते हैं। घटना की जानकारी उन्हें दे दी गई है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है।

मौके पर पहुंचे प्रशिक्षु आईपीएस संचित शर्मा ने घटना की जानकारी लेते हुए परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।