अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो–सिद्धि टुडे,उन्नाव
उन्नाव। भारतीय जनता पार्टी के संविधान गौरव अभियान के तहत भाजपा कार्यालय उन्नाव में मोर्चों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के पदाधिकारियों और मोर्चों के प्रमुखों ने संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत योजनाओं पर चर्चा की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि “हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान” विषय पर स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में क्विज, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा विशेष गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें संविधान की महत्ता और इसके प्रति सम्मान को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।
युवा मोर्चा द्वारा अनुसूचित जाति छात्रावासों और कॉलेजों में संपर्क अभियान चलाकर युवाओं को डॉ. बाबा साहब अंबेडकर के योगदान और भारतीय जनता पार्टी की संविधान के प्रति प्रतिबद्धता के बारे में जागरूक किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय मंत्री डॉ. विमल सिंह और जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार ने की। इस दौरान अभियान संयोजक व जिला महामंत्री प्रवीण सिंह नूतन, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बाला राव गुप्ता, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष साधना दीक्षित, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष मनोज सिंह समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पार्टी के पदाधिकारियों ने संविधान गौरव अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने का संकल्प लिया और सभी मोर्चों से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।