सन्दीप मिश्रा
सिद्धि संवाददाता रायबरेली
रायबरेली। नगर पालिका एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है । सीवर टैंक के नीचे काम करने के लिए उतरे अधेड़ कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई है। गंभीर अवस्था में सफाई कर्मचारी को गड्ढे से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों व नगर पालिका कर्मचारियों में नगर पालिका के खिलाफ आक्रोश देखने को मिला।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने नगर पालिका की व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में परिजनों ने कार्रवाई की मांग की है। घटनाक्रम के अनुसार आज शहर के देवानंदपुर क्षेत्र में सीवर सफाई का कार्य चल रहा था। सफाई ठेकेदार के अंडर में काम करने वाले एक 50 वर्षीय व्यक्ति चंद्रभूषण वाजपेई पुत्र शंभू रतन वाजपेई निवासी पुरे वाजपेई किलोली थाना गुरबक्श गंज सीवर के गड्ढे में सफाई करने के लिए उतरा था। इसी बीच ऊपर जमा मिट्टी खिसक गई। जिसके नीचे वह दब गया। कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकल गया। गंभीर अवस्था में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां पर एमरजेंसी डॉक्टर डॉ रोशन पटेल ने उसे मृत घोषित कर दिया। कर्मचारी की मौत के बाद अस्पताल में नगर पालिका कर्मचारियों का जमावड़ा लग गया। मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष, ईओ सहित अन्य कर्मचारी पहुंच गए। परिजनों ने नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाया है व मामले की जांच करने की मांग भी की है। इस मामले में मृतक के भाई घनश्याम बाजपेई ने बताया कि उनका भाई जल कल विभाग में नौकरी करता था। देवानंदपुर के धमसीराय का पुरवा में किसी गड्ढे में वह काम करने के लिए उतरे थे। बिना सुरक्षा उपकरणों के उन्हें नीचे उतरा गया था। विभाग की लापरवाही से यह हादसा हो गया। हम लोग इस मामले में इंसाफ चाहते हैं। वहीं इस मामले में उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष ने कहा कि अध्यक्ष नगर पालिका, ईओ व अन्य कर्मचारी एकत्रित हुए हैं। उन्होंने कहा की घटना दुखद है एक घर के मुखिया की मौत हुई है। संगठन द्वारा यह फैसला लिया गया कि नगर पालिका ईओ के साथ-साथ सभी कर्मचारियों एक दिन का वेतन मृतक कर्मचारी साथी के परिजनों को देंगे साथ ही मृतक आश्रित को कल से ही नौकरी देने का दिलासा दिया है। यही नही तत्काल पीड़ित परिवार को ईओ नगर पालिका परिषद स्वर्ण सिंह द्वारा एक लाख रुपए की राहत धनराशि प्रदान की गई।