उन्नाव पुलिस की कार्रवाई: लूट में प्रयुक्त टाटा सफारी के साथ अभियुक्त गिरफ्तार

0
140

सचिन कुमार
ब्यूरो- सिद्धि टुडे, उन्नाव

उन्नाव, 23 जून 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अचलगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लूट की घटना में प्रयुक्त टाटा सफारी कार बरामद करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना अचलगंज में दिनांक 17 फरवरी 2026 को मु0अ0सं0 43/2026 के तहत धारा 309(6) एवं 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की काले रंग की टाटा सफारी कार आजाद मार्ग चौराहे से कानपुर की ओर जा रही है।
सूचना मिलते ही थाना अचलगंज पुलिस टीम सक्रिय हो गई और वाहन का पीछा करते हुए कानपुर नगर के थाना चकेरी क्षेत्र स्थित कोयला नगर तक पहुंची। पुलिस ने वाहन को ओवरटेक कर कोयला नगर पुलिस चौकी के पास रोक लिया। पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम ऋषभ वाजपेई पुत्र बृजेश कुमार वाजपेई बताया।
पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने अचलगंज क्षेत्र में हुई लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टाटा सफारी कार को कब्जे में लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान ऋषभ वाजपेई (29 वर्ष) निवासी ग्राम गुलरिहा थाना मौरावां जनपद उन्नाव तथा वर्तमान पता प्लॉट नंबर 08, गंगापुर कॉलोनी, यशोदा नगर, थाना सेन पश्चिम पारा, कानपुर नगर के रूप में हुई है।
बरामदगी
घटना में प्रयुक्त टाटा सफारी कार
वाहन नंबर: UP 78 HR 4333 (बिना नंबर प्लेट के उपयोग में लाई जा रही थी)
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों एवं घटना से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है।
उन्नाव पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।