उन्नाव में मॉडिफाइड साइलेंसर व प्रेशर हॉर्न पर कड़ी कार्रवाई, दो वाहनों का चालान

0
64

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो – सिद्धि टुडे, उन्नाव

माननीय सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में उन्नाव शहर में यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर चलाया गया, जिससे मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

अभियान के दौरान उन्नाव बाईपास के नीचे तथा हरदोई तिराहा के आसपास विशेष रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर, खासकर बुलेट मोटरसाइकिलों की सघन चेकिंग की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए दो वाहनों का चालान किया गया।

इसी क्रम में हरदोई तिराहा स्थित दुपहिया वाहन गैराजों का भी निरीक्षण किया गया। गैराज संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे किसी भी स्थिति में मॉडिफाइड साइलेंसर का विक्रय अथवा उसे वाहनों में लगाने का कार्य न करें। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

जागरूकता अभियान के तहत सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय उन्नाव में दुपहिया एवं चारपहिया गैराज/वर्कशॉप मालिकों की एक बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में सभी गैराज संचालकों को मॉडिफाइड साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न न लगाने के लिए निर्देशित किया गया और यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया।

इस संयुक्त अभियान में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन प्रथम) श्री संजीव कुमार सिंह, यात्री एवं मालकर अधिकारी उन्नाव, यातायात निरीक्षक श्री सुनील सिंह, सहायक यातायात निरीक्षक श्री तिलक सिंह सहित दोनों विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

इसके अतिरिक्त बैठक में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) श्रीमती श्वेता वर्मा, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन द्वितीय) श्रीमती प्रतिभा गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।