पत्रकारों पर हमले के विरोध में आज़ाद समाज पार्टी व भीम आर्मी का प्रदर्शन, सख्त कार्रवाई की मांग

0
43

सुमित राजपूत
संवाददाता –सिद्धि टुडे,उन्नाव

उन्नाव जनपद में पत्रकारों पर बढ़ते हमलों के विरोध में शनिवार को आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) व भीम आर्मी भारत एकता मिशन के बैनर तले जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “पत्रकारों के सम्मान में भीम आर्मी मैदान में!” जैसे नारे लगाते हुए पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहे जाने वाले पत्रकारों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं। यदि पत्रकार ही सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो समाज तक सही सूचना पहुंचाना मुश्किल हो जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पत्रकार पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही हमले में घायल पत्रकार विकास के हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करते हुए पीड़ित को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और पीड़ित पत्रकार को सुरक्षा प्रदान नहीं की जाती, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में प्रशासन से त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।