उन्नाव-असोहा बीआरसी में ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी व उन्मुखीकरण कार्यक्रम सम्पन्न

0
81

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

विकासखंड असोहा स्थित बीआरसी परिसर में ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन खंड शिक्षा अधिकारी आंचल सिंह के नेतृत्व में किया गया, जिसमें शिक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक अनिल सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर स्काउट गाइड के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण हो उठा।

संगोष्ठी के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 40 ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 5 शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं 11 रसोइयों को भी उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में निपुण भारत मिशन, मिड डे मील योजना तथा कायाकल्प योजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। एआरपी टीम द्वारा विकासखंड की उपलब्धियों को प्रस्तुत करते हुए विभिन्न योजनाओं की प्रगति से सभी को अवगत कराया गया।

मुख्य अतिथि विधायक अनिल सिंह ने अपने संबोधन में खंड शिक्षा अधिकारी आंचल सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणादायक बताया और कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे प्रयास समाज को नई दिशा देते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत, नृत्य और अन्य कार्यक्रमों ने सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

यह आयोजन शिक्षा के क्षेत्र में जागरूकता और गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।