अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव
अजगैन (उन्नाव)। रामनवमी के पावन अवसर पर अजगैन कोतवाली क्षेत्र के नवाबगंज कस्बे में स्थित राम जानकी मंदिर से विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में भव्य श्रीराम शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभा यात्रा राम जानकी मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर बाजार रोड होते हुए सदर मार्केट तक पहुंची और पुनः मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई।
यात्रा में आकर्षक झांकियां, भक्ति संगीत और डीजे की धुनों पर झूमते श्रद्धालुओं ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
कार्यक्रम के आयोजन में बजरंग दल जिला संयोजक नितिन शुक्ला, विहिप प्रांत मंत्री अविनाश द्विवेदी, जिला प्रचार प्रमुख आशीष मिश्रा, जिला सह संयोजक वैभव, जिला सह मंत्री गिरीश मिश्रा, भाजपा कार्यकर्ता वाणीकांत द्विवेदी, अजय सिंह, अरविन्द हिंदू, अश्वनी सिंह सहित अनेक हिंदू कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। शोभा यात्रा के सफल आयोजन पर क्षेत्रीय लोगों ने आयोजकों की सराहना की।






























