अलविदा जुमे की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, एएसपी ने जामा मस्जिद व ईदगाह का किया निरीक्षण

0
7

अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव

संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी, पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश

पवित्र रमजान माह के अंतिम शुक्रवार यानी अलविदा जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए उन्नाव पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। इसी क्रम में एएसपी/सीओ नगर दीपक यादव ने कोतवाली सदर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों जामा मस्जिद और ईदगाह का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मस्जिदों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी की सघन चेकिंग की और वहां मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अलविदा जुमे की नमाज के दौरान भीड़ अधिक रहती है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में भ्रमण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एएसपी ने बताया कि नमाज के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सभी संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से भी अपील की है कि वे आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।