अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव
कोरारी बाजार में कड़ाके की ठंड को देखते हुए पुष्प फाउंडेशन द्वारा एक सराहनीय कंबल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पुष्प फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समाजसेवी पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ठंड के मौसम में गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाना रहा। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए, जिससे उन्हें सर्द रातों में ठंड से बचाव मिल सके।
इस सेवा कार्यक्रम में रौनक सिंह (सैरमपुर), प्रखर सिंह (अकवारा), आशू सिंह (धनकोली), मानवेन्द्र सिंह, अमन सिंह, मामा जी, तेज बहादुर सिंह सहित पुष्प फाउंडेशन के समस्त कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही। सभी कार्यकर्ताओं ने अनुशासन और सेवा भाव के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया तथा जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पुष्प फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक मदद पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में कंबल वितरण जैसे कार्यक्रम मानवता की सच्ची सेवा हैं। फाउंडेशन भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक कार्य, जैसे शिक्षा सहायता, स्वास्थ्य शिविर और आपदा राहत कार्य, निरंतर करता रहेगा।
कंबल वितरण के दौरान कोरारी बाजार में उत्साहपूर्ण और सकारात्मक माहौल देखने को मिला। लाभार्थियों के चेहरों पर संतोष और राहत स्पष्ट दिखाई दी। स्थानीय लोगों ने पुष्प फाउंडेशन के इस मानवीय प्रयास की खुले दिल से प्रशंसा की और समाजसेवी पुष्पेंद्र प्रताप सिंह एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।





























