अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से प्रेरित होकर आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने “महिलाएं पेड़ों के लिए” नामक विशेष वृक्षारोपण पहल की शुरुआत की है। यह अभियान अमृत 2.0 और डे-एनयूएलएम योजनाओं के अंतर्गत महिला स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता से चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत नगर निकायों द्वारा चयनित पार्कों में महिला समूह पौधारोपण करेंगी और पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएंगी। इसका उद्देश्य पर्यावरण को हरा-भरा बनाना और महिलाओं को सामाजिक बदलाव में भागीदार बनाना है।
परियोजना अधिकारी डूडा एवं अतिरिक्त मजिस्ट्रेट (द्वितीय) श्री आनंद कुमार नायक ने बताया कि पहले चरण में नगर पालिका परिषद उन्नाव द्वारा 21 से 23 मई तक पांच पार्कों का चयन किया गया है। आज एमआईजी 1045 वृंदावन पार्क और ईडब्ल्यूएस 593 पार्क (आवास विकास कॉलोनी) में महिला समूहों द्वारा स्थल का निरीक्षण और तैयारी की गई।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती श्वेता भानु मिश्रा मुख्य अतिथि रहीं। अधिशासी अधिकारी श्री एस.के. गौतम और शहर मिशन प्रबंधक श्री आदर्श परिहार ने महिलाओं को पौधारोपण सामग्री वितरित की और उन्हें प्रोत्साहित किया।
जय दुर्गा माता, नमः शिवाय, वसीम, खुशी और श्रिया महिला स्वयं सहायता समूहों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। डूडा की ओर से अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई और समूहों की भागीदारी की सराहना की गई।