अनुज कुमार वर्मा
ब्यूरो –सिद्धि टुडे, उन्नाव
उन्नाव जिले में शनिवार को एक ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत रामलीला मैदान से हुई। इस भव्य आयोजन में जनसैलाब उमड़ पड़ा और समूचा शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया। यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश देना था।
तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही। हाथों में तिरंगा लिए युवा, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्गों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ जैसे देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम में सांसद साक्षी महाराज, जिला पंचायत अध्यक्षा शकुन सिंह, बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार, मोहान विधायक बृजेश रावत, भगवंत नगर विधायक आशुतोष शुक्ला, और सदर विधायक पंकज गुप्ता ने भाग लिया। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शशांक शेखर सनी तथा महिला मोर्चा अध्यक्ष साधना दीक्षित भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
यात्रा के मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया। सामाजिक संगठनों और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी यात्रा में भाग लेकर देश के प्रति अपने समर्पण को दर्शाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रही, पुलिस बल और स्वयंसेवकों ने सुचारु संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
जिला पंचायत अध्यक्षा शकुन सिंह ने कहा, “यह तिरंगा यात्रा युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।” वहीं सांसद साक्षी महाराज ने अपने संबोधन में कहा, “तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि हमारी अस्मिता, हमारी पहचान और हमारे बलिदानों का प्रतीक है। इस यात्रा के माध्यम से हम देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लेते हैं।”
यात्रा समापन स्थल पर राष्ट्रगान गाया गया और तिरंगे को सलामी दी गई। आयोजन ने शहर को जहां देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत किया, वहीं युवाओं को देश के गौरवमयी इतिहास से जोड़ने का भी कार्य किया।