कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी आज से संभालेगी रायबरेली अमेठी की चुनावी रणनीति : सूत्र

0
180

सन्दीप मिश्रा

सिद्धि संवाददाता रायबरेली

रायबरेली। कांग्रेस की स्टार प्रचारक व पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी अमेठी व रायबरेली की लोकसभा सीट पर जीत सुनिश्चित करने के लिये रायबरेली में डेरा डालने वाली हैं। सूत्रों के हवाले से खबर है कि प्रियंका गांधी 40 सदस्यों की टीम के साथ 18 मई तक रायबरेली के भुएमऊ गेस्ट हाउस में रहेंगी। जानकारी के मुताबिक आज शाम 5:30 बजे प्रियंका गांधी का काफिला गेस्ट हाउस पहुंचेगा। यहां पर प्रियंका गांधी चुनावी रणनीति बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। गौरतलब है कि रायबरेली से प्रियंका गांधी के भाई व पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव लड़ रहे हैं । वहीं अमेठी से कांग्रेस के विश्वासपात्र रहे किशोरी लाल शर्मा को अमेठी से भाजपा की प्रत्याशी सांसद स्मृति ईरानी के सामने मैदान में पार्टी ने उतारा है। प्रियंका गांधी रायबरेली और अमेठी में बूथ स्थर से लेकर जिले स्तर के पदाधिकारी के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति बनाएंगी।संभावना है कि आज रात 10:00 बजे अमेठी के लिए वह रवाना हो जाएंगी। राजनीतिक जानकार पहले मान रहे थे कि प्रियंका गांधी रायबरेली या अमेठी किसी एक सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब प्रियंका गांधी पार्टी के दोनों उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार करेंगी। वहीं राहुल गांधी के अपनी माँ सोनिया गांधी की पुरानी व विश्वसनीय सीट रायबरेली से चुनाव लड़ने के बाद पूरे देश की निगाहें अब रायबरेली की हॉट सीट पर हो गई है। जिसपर प्रियंका गांधी अब घर-घर जाकर लोगों से रायबरेली के साथ साथ अमेठी में जनता से वोट मांगेंगी।